बांका :- बिहार अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण पदाधिकारी संघ (बिसवा) के राज्यव्यापी आह्वान पर शुक्रवार को बांका जिले के सभी कल्याण पदाधिकारियों ने अपने कार्यस्थल पर बांह पर काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया और अपने पदीय दायित्वों का निर्वहन किया। इसके साथ ही पदाधिकारियों के एक शिष्टमंडल ने जिला पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त एवं अनुमंडल पदाधिकारी से मुलाकात कर अपनी सात सूत्री लंबित मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। पदाधिकारियों ने बताया कि अपनी न्यायसंगत मांगों को लेकर संघ का एक प्रतिनिधिमंडल पूर्व में विभागीय मंत्री लखेंद्र पासवान एवं विभागीय सचिव संदीप आर पुडकलकट्टी से मिलकर ज्ञापन सौंप चुका है, लेकिन विभाग की ओर से कोई ठोस पहल न होने पर संघ के निर्देशानुसार चरणबद्ध आंदोलन के तहत आज शांतिपूर्ण विरोध जताया गया। सौंपे गए ज्ञापन में पदाधिकारियों ने मुख्य रूप से प्रखंड एवं अनुमंडल स्तर पर कल्याण शाखा को बुनियादी संसाधन- जैसे बैठने हेतु उपयुक्त कार्यालय कक्ष, उपस्कर, स्टेशनरी तथा नियमानुसार लिपिक सह लेखापाल व डाटा एंट्री ऑपरेटर उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही, बिना सक्षम प्राधिकार के अनुमोदन के पूर्व में 388 पदाधिकारियों पर शुरू की गई विभागीय कार्रवाई को तत्काल समाप्त करने, अवैध रूप से किए गए डिमोशन को वापस लेने और सचिवालय में वर्षों से प्रतिनियुक्त अधिकारियों वाले मॉनिटरिंग सेल को समाप्त कर उन्हें क्षेत्र में पदस्थापित करने की मांग रखी गई। इसके अलावा महादलित टोलों एवं सुदूर क्षेत्रों के नियमित निरीक्षण हेतु अन्य समकक्ष प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों की तर्ज पर सरकारी वाहन या निश्चित यात्रा भत्ता देने, आवासीय विद्यालयों व छात्रावासों के 24 घंटे सुचारू संचालन हेतु अलग से प्रबंधकों की नियुक्ति करने, संवर्ग को राजपत्रित घोषित कर वेतन विसंगति दूर करने तथा स्थानांतरण व अवकाश स्वीकृति में आ रही संवादहीनता को दूर करने की पुरजोर मांग की गई है। पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार व विभाग ने उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो संघ आगे भी चरणबद्ध आंदोलन जारी रखेगा। इस मौके पर जिला कल्याण पदाधिकारी अमित भास्कर, प्रभारी अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी सह अमरपुर व रजौन के प्रखंड कल्याण पदाधिकारी गौतम कुमार साह, कटोरिया व चांदन के प्रखंड कल्याण पदाधिकारी मनोज मिश्रा, बौंसी व बाराहाट के प्रखंड कल्याण पदाधिकारी रौशन कुमार, फुल्लीडुमर व शंभूगंज के प्रखंड कल्याण पदाधिकारी गौतम कुमार, बेलहर के प्रखंड कल्याण पदाधिकारी समीर कुमार सिंह एवं धोरैया की प्रखंड कल्याण पदाधिकारी प्रियंका प्रिया मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
रिपोर्ट:- केआर राव