रजौन, बांका :-रजौन थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन एवं परिवहन के एक पुराने मामले में फरार चल रहे नामजद अभियुक्त सह वाहन मालिक को पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रजौन थाना क्षेत्र के छोटी घुठिया निवासी मेंदी यादव के पुत्र पवन यादव के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछले वर्ष 23 सितंबर 2025 को खान निरीक्षक हरिओम ओझा एवं पुलिस टीम द्वारा राजावर मोड़ के पास छापेमारी की गई थी। इस दौरान अवैध रूप से लगभग 100 घनफीट बालू लदा एक स्वराज ट्रैक्टर जब्त किया गया था, जबकि चालक और वाहन मालिक मौके से फरार होने में सफल रहे थे। उक्त मामले को लेकर खान निरीक्षक के बयान पर रजौन थाना कांड संख्या 358/25 दर्ज की गई थी, जिसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2), 317(2) सहित खनन अधिनियम की विभिन्न सुसंगत धाराएं लगाई गई थीं। दर्ज प्राथमिकी के बाद से ही वाहन मालिक पवन यादव पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था। मामले के अनुसंधान के क्रम में रजौन पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार प्राथमिकी अभियुक्त पवन यादव को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध अग्रतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट:- केआर राव