रजौन,बांका :-पूरी तरह जर्जर हो चुके भागलपुर-हंसडीहा राष्ट्रीय राजमार्ग 133 (ई) की बदहाली को लेकर आम आदमी पार्टी के बांका जिलाध्यक्ष इंजीनियर नंदलाल यादव ने जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल को लिखित आवेदन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है। डीएम को दिए आवेदन में जिलाध्यक्ष ने अवगत कराया है कि एनएच-133 (ई) के किमी संख्या 4 (5) से किमी संख्या 36.6 (37) तक की मरम्मत के लिए पथ निर्माण विभाग (दक्षिण उपभाग) के मुख्य अभियंता द्वारा 19 जुलाई 2025 को ज्ञापांक 2297 के तहत कुल 1 करोड़ 51 लाख 36 हजार 759 रुपये की स्वीकृति दी गई थी। इस मरम्मत कार्य को पूरा करने के लिए 12 माह की समय-सीमा तय की गई थी, जिसके अनुसार यह कार्य 18 जुलाई 2026 तक ही पूरा हो जाना चाहिए था, लेकिन मौके पर मरम्मत कार्य न के बराबर हुआ प्रतीत होता है। आवेदन में कहा गया है कि वर्तमान में इस मुख्य सड़क मार्ग की स्थिति अत्यंत भयावह और दयनीय बनी हुई है। खासकर रजौन बाजार के समीप सड़क पर दो से ढाई फीट गहरे जानलेवा गड्ढे उभर आए हैं। इन बड़े गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं घट रही हैं और तिपहिया व छोटे वाहन लगभग प्रतिदिन पलटकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं, जिससे राहगीरों और यात्रियों की जान जोखिम में बनी रहती है। समयावधि बीत जाने के बाद भी सड़क की सुध नहीं ली गई है। ‘आप’ जिलाध्यक्ष ने जिलाधिकारी से जनहित को ध्यान में रखते हुए इस पूरे मामले को गंभीरता से लेने और एनएच-133 (ई) के त्वरित जीर्णोद्धार व आवश्यक मरम्मत की दिशा में ठोस प्रशासनिक कदम उठाने की मांग की है
रिपोर्ट:- केआर राव