चम्पारण नीति / मझौलिया (प. चम्पारण) राष्ट्रीय पोषण माह पर केवीके माधोपुर द्वारा पोषण वाटिका पर एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित
राष्ट्रीय पोषण माह के अवसर पर डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के अधीन संचालित कृषि विज्ञान केन्द्र, माधोपुर, पश्चिम चम्पारण द्वारा निकरा (NICRA) परियोजना के अंतर्गत अंगीकृत गाँव बगही बगंबरपुर के बगही मुशहर टोली में अनुसूचित जाति परियोजना अंतर्गत एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केन्द्र के वरीय वैज्ञानिक एवं प्रधान डॉ. अभिषेक प्रताप सिंह ने कहा कि इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं एवं किसानों को पोषण सुरक्षा के प्रति जागरूक करना तथा संतुलित आहार के महत्व को समझाना है. उन्होंने कहा कि कुपोषण को दूर करने के लिए घर के आस-पास खाली पड़ी भूमि में मौसमी सब्जियों की पोषण वाटिका लगाना एक सस्ता, सुलभ और टिकाऊ उपाय है, जिससे परिवार को सालों भर ताजी, जैविक एवं पौष्टिक सब्जियाँ प्राप्त हो सकती हैं.
तकनीकी सत्र में केन्द्र के कृषि अभियंत्रण वैज्ञानिक डॉ. चेलपुरी रामलू ने पोषण वाटिका हेतु उपयुक्त भूमि के चयन, क्यारियों की तैयारी, उन्नत किस्मों के बीजों के चुनाव एवं जैविक खाद के उपयोग के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी प्रशिक्षणार्थियों के बीच पोषण वाटिका स्थापित करने हेतु उच्च गुणवत्ता वाले मौसमी सब्जियों के बीज किट का वितरण किया गया। ग्रामीण महिलाओं ने केन्द्र की इस पहल की सराहना करते हुए इसे अपने घरों में अपनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर लालमती देवी, शारदा देवी, गीता देवी, रमनी देवी, रंजू देवी सहित दर्जनों ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं। केन्द्र की ओर से मनोज कुमार, कमलेश कुमार सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे।
Tags
न्यूज