गोरखपुर। हरि सहाय लॉ कॉलेज, गोरखपुर में हिंदी दिवस के अवसर पर भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सतीश चन्द्र उपाध्याय ने की। उन्होंने अपने संबोधन में विधिक क्षेत्र एवं न्याय प्रणाली में हिंदी भाषा के बढ़ते महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को अपनी राजभाषा के प्रति गौरव एवं सम्मान की भावना रखने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन एवं विशिष्ट अध्यक्षता कॉलेज के सहायक आचार्य डॉ. दिलीप कुमार राव ने की। उन्होंने हिंदी भाषा की उपयोगिता और व्यापकता पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग का आह्वान किया।
इस अवसर पर कॉलेज के मुख्य नियंता (चीफ प्रॉक्टर) शैलेन्द्र त्रिपाठी ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने राष्ट्र के विकास में हिंदी की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने वाली भाषा भी है।
कार्यक्रम में कॉलेज के सहायक आचार्य राहुल यादव, अनुपम प्रताप सिंह सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में कॉलेज कर्मचारी श्री नितेश पाण्डेय एवं अन्य स्टाफ का विशेष सहयोग रहा।
हिंदी दिवस के इस कार्यक्रम में कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर सक्रिय सहभागिता की। पूरे कार्यक्रम के दौरान हिंदी भाषा के प्रति सम्मान, गौरव और जागरूकता का वातावरण बना रहा।