रजौन के आंगनबाड़ी केंद्रों पर धूमधाम से मना 'आंगन का मिलन' उत्सव, सीडीपीओ ने बच्चों में भरा जोश और सेविका-सहायिकाओं को सौंपा प्रशस्ति पत्र

रजौन ,बांका :- 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत रजौन प्रखंड के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों पर मंगलवार को तीन दिवसीय ‘आंगन का मिलन’ उत्सव पूरे उत्साह और धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। समाज कल्याण विभाग एवं समेकित बाल विकास सेवाएं (आईसीडीएस) के निर्देशानुसार 28 से 30 सितम्बर तक चलने वाले इस विशेष आयोजन में केंद्रों पर नामांकित नन्हे-मुन्ने बच्चों, माताओं और स्थानीय अभिभावकों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। केंद्रों पर पहुंचे बच्चों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देते हुए उनका टीका-चंदन व पुष्पवर्षा से आत्मीय अभिनंदन किया गया तथा उपस्थित महिलाओं को पोषण, नियमित टीकाकरण, स्वास्थ्य रक्षा एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। इसी क्रम में बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) चंचला कुमारी ने खुद कठचातर-लीलातरी पंचायत के उपरामा और माथाडीह आंगनबाड़ी केंद्र सहित कई केंद्रों पर पहुंचकर कार्यक्रम को बेहद भव्य व आत्मीय बना दिया। सीडीपीओ ने आरती की थाल से खुद सभी बच्चों को टीका-चंदन लगाया, पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया और उन्हें फल व मिठाइयां बांटी। केंद्र पर बच्चों में नया उत्साह भरते हुए उन्होंने बच्चों के साथ मिलकर पूरे जोश में ‘हम होंगे कामयाब एक दिन’ गीत गाया और बच्चों को रोज स्नान कर साफ-सुथरे कपड़े पहनकर केंद्र आने, पौष्टिक आहार व हरी सब्जियां खाने, बड़ों का सम्मान करने और खूब मन लगाकर पढ़ाई करने की सीख दी। इस दौरान उन्होंने बच्चों की माताओं व अभिभावकों का गर्मजोशी से स्वागत किया तथा बेहतर कार्य व समर्पण के लिए सेविका, सहायिका व अन्य कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सीडीपीओ चंचला कुमारी ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रखंड के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय 'आंगन का मिलन' कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका, महिला पर्यवेक्षिका, पोषक क्षेत्र के ग्रामीण और वास्तविक लाभार्थी वर्ग ही सक्रिय रूप से सम्मिलित होकर उत्सव के माहौल में इसे सफल बना रहे हैं।

रिपोर्ट:-केआर राव 

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post