रजौन,बांका :-रीप्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार को अनंत चतुर्दशी का पावन पर्व श्रद्धा, उल्लास और भक्तिभाव के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस पावन अवसर पर सनातन धर्मावलंबियों ने भगवान श्रीहरि विष्णु के अनंत स्वरूपों की विधि-विधान पूर्वक पूजा-अर्चना की और पौराणिक कथा श्रवण के उपरांत सुख-समृद्धि की कामना करते हुए अपनी भुजाओं पर पवित्र अनंत रक्षा-सूत्र धारण किया। अनंत चतुर्दशी को लेकर सुबह से ही रजौन बाजार स्थित पुरानी ठाकुरबाड़ी, राजवनेश्वर नाथ महादेव मंदिर, रजौन सब्जी हाट स्थित काली मंदिर परिसर तथा पुनसिया बाजार के अलावे सिंहनान, कठौन, खैरा, बामदेव, लकड़ा, पड़घड़ी, नवादा, मोहना, बलथारा, विष्णुपुर, ओड़हारा, महामाया दुर्गा मंदिर खरवा, रूपसा और झा टोला झिकटा सहित अन्य सभी ग्रामीण इलाकों के मंदिरों एवं ठाकुरबाड़ियों में पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। विभिन्न पूजा स्थलों पर विद्वान पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कथा का वाचन किया; जहां पुरानी ठाकुरबाड़ी में पंडित अजीत कुमार पांडेय के सानिध्य में यजमान देवनंदन श्रीवास्तव, पुनसिया बाजार में पुरोहित गुंजन झा के निर्देशन में यजमान बबलेश केशरी और खैरा ठाकुरबाड़ी में पंडित फनीभूषण पाठक ने उपस्थित भक्तों को अनंत भगवान की महिमा और व्रत कथा का रसपान कराया। कथा श्रवण व मंगल आरती के दौरान देवनंदन श्रीवास्तव, केके पांडेय, कुमुद रंजन राव, सुभाष शर्मा, तपन कुमार दास, रंजीत साह, विजय केशरी, सन्नी कुमार गुप्ता सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु मौजूद रहे। वहीं इस धार्मिक उत्सव को लेकर रजौन और पुनसिया के स्थानीय बाजारों में भी सुबह से फल, मिष्ठान, धूप-दीप और अनंत सूत्र की खरीदारी को लेकर भारी चहल-पहल और रौनक देखने को मिली।
रिपोर्ट:- केआर राव