रजौन, बांका: भागलपुर-हंसडीहा मुख्य सड़क मार्ग (NH 133E) पर स्थित रजौन बाजार में सड़क की बदहाली अब जानलेवा साबित हो रही है। रजौन बाजार के मोदी हाट और चकसपिया मोड़ के बीच का हिस्सा पूरी तरह खतरनाक और जानलेवा गड्ढों में तब्दील हो चुका है। इस स्थान पर रोजाना ऑटो और ई-रिक्शा पलटने के साथ-साथ छोटे वाहनों के फंसने का सिलसिला बदस्तूर जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार की अहले सुबह एक बड़ा हादसा सामने आया, जब टिकानी रेलवे माल गोदाम से सीमेंट की बोरियां लादकर बांका की ओर जा रहा एक ट्रैक्टर पानी से लबालब भरे गहरे गड्ढे में अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रैक्टर के पलटते ही उस पर लदी दर्जनों सीमेंट की बोरियां गंदे पानी और कीचड़ में समा गईं, जिससे भारी मात्रा में सीमेंट भींगकर पूरी तरह बर्बाद हो गया। इतना ही नहीं, मोदी हाट के समीप ही मुख्य सड़क पर एक भारी ट्रक के अचानक खराब हो जाने के कारण गुरुवार की रात से ही इस मार्ग पर भीषण जाम की स्थिति बनी रही। सड़क के गहरे गड्ढों में तब्दील होकर पहाड़ीनुमा ढलान का रूप ले लेने और पानी निकासी का कोई समुचित प्रबंध न होने से रजौन बाजार में जगह-जगह जलजमाव व कीचड़ का साम्राज्य फैला हुआ है। वहीं पिछले तीन दिनों से रुक-रुक कर हो रही झमाझम बारिश की वजह से सड़क पर फैला यह दूषित और बदबूदार पानी अब बाजारवासियों के घरों व दुकानों में भी घुसने लगा है, जिससे लोग जिल्लत की जिंदगी जीने को विवश हैं और दुकानदारों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। दूसरी ओर सड़क पर वाहनों के पलटने व बीच रास्ते में खराब होने के कारण रेंगती गाड़ियों की वजह से लगातार जाम की समस्या भी खड़ी हो रही है। स्थानीय व्यवसायियों, वाहन चालकों और ग्रामीणों ने प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि पानी से भरे इन जानलेवा गड्ढों को अविलंब दुरुस्त किया जाए और जाम नालों की सफाई कराकर स्थायी जल निकासी का प्रबंध किया जाए, ताकि रोज-रोज के इन हादसों और नारकीय स्थिति से मुक्ति मिल सके।
रिपोर्ट:- केआर राव