मोतिहारी, 1 सितंबर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को गांधी मैदान, मोतिहारी में आयोजित बापूधाम महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने पूर्वी चम्पारण जिले को करीब 285 करोड़ रुपये की 145 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें कई योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मोतिहारी में बंद चीनी मिल को शुरू करने की दिशा में शीघ्र कार्य प्रारंभ किया जाएगा। बरियारपुर में मेडिकल कॉलेज, मोतिहारी में तारामंडल, अटल कला भवन तथा मत्स्य समृद्धि क्लस्टर एवं फिश प्रोसेसिंग प्लांट की स्थापना की जाएगी। पीपराकोठी के स्थान पर बरियारपुर में केंद्रीय विद्यालय बनाने की घोषणा भी की गई।
उन्होंने मोतीझील के किनारे रोईंग क्लब से चिकनीघाट-अगरवा तक सड़क एवं नाला निर्माण को मरीन ड्राइव के रूप में विकसित करने, अरेराज मंदिर जाने वाली प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण की भी घोषणा की। तेतरिया के कोठिया में एक्वाकल्चर पार्क तथा मोतिहारी में बड़े मदर डेयरी प्लांट की योजना भी बताई।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (NSD) के नए कैंपस की स्थापना को केंद्र की सहमति मिल गई है। राज्य सरकार इसके लिए भूमि उपलब्ध कराने के साथ भवन निर्माण की स्वीकृत लागत का 50 प्रतिशत राज्यांश वहन करेगी।
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने सहयोग शिविर का निरीक्षण किया और विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर आम लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने शिविर में प्राप्त आवेदनों का 30 दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस दौरान अभियान बसेरा के लाभुकों को बासगीत पर्चा, दिव्यांग लाभुकों को बैटरी चालित ट्राईसाइकिल तथा 9,214 स्वयं सहायता समूहों को बैंक लिंकेज के माध्यम से 211 करोड़ रुपये की सांकेतिक सहायता प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बापूधाम महोत्सव चंपारण की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पर्यटन विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, खेल, कृषि, मत्स्य पालन, उद्योग और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने की बात कही।
कार्यक्रम को केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत तथा सांसद राधा मोहन सिंह ने भी संबोधित किया। महोत्सव का आयोजन 3 सितंबर तक होगा।