रजौन पुलिस की बड़ी कार्रवाई: शादी की नीयत से युवती का अपहरण करने वाले आरोपी सहित तीन अभियुक्त गिरफ्तार, भेजे गए न्यायिक हिरासत में

​रजौन, बांका : रजौन थाना पुलिस ने क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और वारंटियों की धरपकड़ को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में वांछित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में बांका भेज दिया है। रजौन थानाध्यक्ष अभय शंकर ने बताया कि पुलिस अपराधियों और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने शादी की नीयत से एक युवती का अपहरण करने के मामले में नामजद अभियुक्त अमरपुर थाना क्षेत्र के बैजाचक निवासी फूलचन राम के पुत्र निक्की कुमार उर्फ नौकी को गिरफ्तार किया है। इस मामले को लेकर पीड़िता की मां द्वारा रजौन थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित अनुसंधान करते हुए आरोपी को दबोच लिया। वहीं दूसरे मामले में न्यायालय से निर्गत डीडब्ल्यू (DW) वारंट के आधार पर रजौन थाना क्षेत्र के मधाय गांव निवासी रामलखन दास के पुत्र शेखर दास को पुलिस ने गिरफ्तार किया। तीसरा मामला घरेलू हिंसा और नशे की लत से जुड़ा सामने आया, जिसमें ग्राम सुरक्षा विकास एवं नशामुक्ति अभियान समिति (न्याय समिति) सुजालकोरामा के अध्यक्ष ई. किशोर चन्द्र यादव, सचिव विजय यादव एवं उपाध्यक्ष रुद्रेश्वरी दास रंजीत द्वारा थाने को अग्रसारित किए गए आवेदन के आधार पर कार्रवाई की गई। आवेदन में सुजालकोरामा निवासी शीला देवी एवं उनके पति सरयुग पासवान ने गुहार लगाई थी कि उनका पुत्र आनंद कुमार नशे की हालत में उनके साथ लगातार गाली-गलौज व मारपीट करता है। न्याय समिति की जांच में आरोप सत्य पाए जाने पर पुलिस ने बीएनएसएस (BNSS) की धारा 128 के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुत्र आनंद कुमार को हिरासत में ले लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि तीनों अभियुक्तों की आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के उपरांत उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में बांका जेल भेज दिया गया है।

रिपोर्ट:;केआर राव 

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post