शिवकुरा जंगल से दम्पति का शव बरामद
कटोरिया से अरविंद प्रसाद सिंह का रिपोर्ट
कटोरिया थाना क्षेत्र के बांका रोड से सटे शिवकुरा जंगल से सोमवार को कटोरिया पुलिस द्वारा एक दम्पति का शव बरामद किया गया। मृतक पति-पत्नी थाना क्षेत्र के सुपाहा गांव के शालिग्राम यादव (55 वर्ष) एवं उसकी पत्नी गुंजरी देवी (50 वर्ष) बताये गए है। घटना को लेकर परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को दोनों पति-पत्नी घर से दातुन तोड़ने के लिए निकले थे। काफी देर बाद तक वापस नहीं लौटने पर खोजबीन की गई, लेकिन कुछ नहीं पता चला। वहीं ग्रामीणों के अनुसार मृतक के दो पुत्र दिलीप यादव एवं पप्पू यादव है। शनिवार को दोनों पुत्रों से माता-पिता की कहासुनी हुई थी। जिससे दोनों घर से चले गए और सोमवार को उनका शव बरामद हुआ। इधर स्थानीय लोगों द्वारा जंगल में शव को देखकर घटना की सूचना कटोरिया पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही एसडीपीओ मदन कुमार आनंद, थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने पुलिस बलों के साथ पहुंचकर मामले की छानबीन की। पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया गया। इधर बांका पोस्टमार्टम कराने गए चौकीदार राजेन्द्र यादव ने शव को देखकर अपने भाई व भाभी के रूप में पहचान की। फिलहाल मृतक के दोनों पुत्र शव के पोस्टमार्टम के लिए बांका गए हैं। वापस आने पर आगे की कार्रवाही की जाएगी।

0 Comments
आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...