आश्वासन की पटरी पर दौड़ रहा विकास, पुनसिया हॉल्ट पर सुविधाओं का अभाव

आश्वासन की पटरी पर दौड़ रहा विकास, पुनसिया हॉल्ट पर सुविधाओं का अभाव

रजौन,बांका :- भागलपुर-मंदारहिल रेलखंड पर अवस्थित पुनसिया हॉल्ट आज अपनी बदहाली की कहानी खुद बयां कर रहा है। प्रतिदिन हजारों यात्रियों की आवाजाही के बावजूद यह स्टेशन बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहा है। मंगलवार को अखिल भारतीय नाई संघ ट्रेड यूनियन के भागलपुर प्रमंडलीय संयोजक सह समाजसेवी डॉ. कैलाश बिहारी ठाकुर ने यहां का दौरा किया और यात्रियों की दुर्दशा को करीब से देखा। ​उन्होंने पाया कि कड़ाके की धूप हो या बरसात, यात्रियों के सिर छिपाने के लिए यहां न तो पर्याप्त शेड है और न ही गले की प्यास बुझाने के लिए पेयजल की कोई व्यवस्था। सबसे दयनीय स्थिति महिलाओं की है, जिन्हें सुलभ शौचालय और मूत्रालय के अभाव में भारी मानसिक और शारीरिक कष्ट झेलना पड़ता है। प्लेटफॉर्म का नीचा होना भी एक बड़ी समस्या है, जिससे बुजुर्गों और बच्चों को ट्रेन में चढ़ने-उतरने में हमेशा जान का जोखिम बना रहता है। डॉ. ठाकुर के अनुसार यह हॉल्ट दशकों से उपेक्षा का दंश झेल रहा है। हैरानी की बात यह है कि स्थानीय विधायक द्वारा बार-बार सौंदर्यीकरण और विस्तारीकरण की मांग के बावजूद रेल विभाग के अधिकारियों ने अब तक आश्वासन के सिवाय इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। वर्तमान में स्थिति यह है कि यात्री अपनी बुनियादी गरिमा और सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं, जिसे लेकर अब समाजसेवी संस्थाओं ने अविलंब सुधार की मांग की है।

रिपोर्ट:- के आर राव 

Post a Comment

0 Comments