रजौन,बांका :- भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण को सफलतापूर्वक धरातल पर उतारने के लिए रजौन प्रखंड में प्रशासनिक सक्रियता और प्रशिक्षण का दौर तेज हो गया है। इसी कड़ी में शनिवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी अंतिमा कुमारी के कार्यालय वेश्म में पंचायत प्रतिनिधियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आहूत हुई। इस बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों को विशेष रूप से 'स्व-गणना' (Self Enumeration) प्रक्रिया की तकनीकी बारीकियों से अवगत कराया गया और इस राष्ट्रीय कार्य में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। चर्चा के दौरान बताया गया कि जनगणना के प्रथम चरण के अंतर्गत स्व-गणना पोर्टल 17 अप्रैल से 1 मई के बीच खुला रहेगा, जिसके माध्यम से आम नागरिक अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। बीडीओ ने कहा कि ग्रामीणों को इस डिजिटल प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने में जनप्रतिनिधियों की भूमिका निर्णायक होगी। मालूम हो इससे पूर्व शुक्रवार को पटना से आए नोडल पदाधिकारी रविंद्र कुमार सिंह ने अधिकारियों को जियो ट्रैकिंग और डीमार्केशन जैसे तकनीकी विषयों पर प्रशिक्षित किया था। इसके साथ ही स्थानीय दीपनारायण सिंह महाविद्यालय में 530 प्रगणक व पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण भी विभिन्न चरणों में 24 अप्रैल तक निरंतर जारी है। इस बैठक में प्रमुख रूबी कुमारी, उप प्रमुख गुड्डू राजा, बीएसओ तारकेश्वर रजक, बीईओ सह बीसीओ सोयम चक्रपाणि कनिष्क, प्रखंड मुखिया संघ सचिव प्रवीण कुमार सिंह और कोषाध्यक्ष प्रतिनिधि मिथिलेश कुमार उर्फ टिंकू सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इनके अलावा पंचायत समिति सदस्य निलेश प्रसाद, मेघु पासवान, रेखा देवी, मीरा देवी, ललन कुमार मंडल, अशोक रजक, आईटी सहायक मो. शौकत अली, डाटा एंट्री ऑपरेटर नीतीश कुमार, प्रखंड नाजीर चेतन आनंद और प्रखंड प्रधान सहायक संतोष कुमार सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया और इस अभियान को सफल बनाने का संकल्प दोहराया।
रिपोर्ट:- के आर राव