बांका: परीक्षा में उपस्थित छात्रों को दिखाया अनुपस्थित, ABVP ने पीबीएस कॉलेज में तालाबंदी की दी चेतावनी

बांका: परीक्षा में उपस्थित छात्रों को दिखाया अनुपस्थित, ABVP ने पीबीएस कॉलेज में तालाबंदी की दी चेतावनी

बांका :-अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पीबीएस कॉलेज इकाई ने स्नातक सेमेस्टर-5 के छात्र-छात्राओं के भविष्य के साथ हो रही लापरवाही को लेकर शनिवार को कॉलेज प्रशासन के खिलाफ कड़ा रुख अख्तियार किया। कॉलेज इकाई अध्यक्ष वंश मिश्रा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने प्राचार्य डॉ. सुधीर कुमार सिंह से मुलाकात कर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। मामला विश्वविद्यालय और कॉलेज की उस बड़ी चूक से जुड़ा है, जिसमें परीक्षा में शामिल होने के बावजूद कई छात्रों को परिणाम में अनुपस्थित दिखा दिया गया है। इस तकनीकी गड़बड़ी के कारण छात्रों के टीआर में 'एनईपी' लग गया है और वे अपना परीक्षा फॉर्म भरने से वंचित हो रहे हैं। ​कॉलेज अध्यक्ष वंश मिश्रा ने इस स्थिति पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय की बार-बार होने वाली इन गलतियों का खामियाजा निर्दोष छात्र भुगत रहे हैं। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि यदि आगामी बुधवार तक इस त्रुटि को सुधार कर छात्रों के फॉर्म भरने का रास्ता साफ नहीं किया गया, तो विद्यार्थी परिषद कॉलेज में तालाबंदी कर उग्र आंदोलन करेगी। वहीं नगर मंत्री राजन सिंह ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसी विसंगतियां छात्रों को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही हैं। कई छात्र जो सेमेस्टर-1 में गलत तरीके से अनुपस्थित दिखाए गए थे, उन्हें अब सेमेस्टर-3 की परीक्षा देने से भी रोका जा रहा है। छात्रों के बढ़ते आक्रोश और परिषद के कड़े रुख को देखते हुए प्राचार्य ने सकारात्मक आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि वे व्यक्तिगत रूप से विश्वविद्यालय प्रशासन से वार्ता करेंगे और अगले 3 से 4 दिनों के भीतर यानी मंगलवार या बुधवार तक सभी त्रुटियों को ठीक करवा देंगे, ताकि छात्र 24 अप्रैल की समय सीमा से पहले अपना फॉर्म भर सकें। इस मौके पर जिला संयोजक शिवम सिंह राजपूत, कॉलेज मंत्री नीतीश कुमार के अलावे ललिता, लूसी, तृषा, आशका, अनुष्का और साक्षी सिन्हा जैसे दर्जनों छात्र एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

रिपोर्ट:-केआर राव

Post a Comment

0 Comments