सड़क दुर्घटना के घायल कालीचरण चौधरी की मौत, बड़े पुत्र ने भागलपुर में दी मुखाग्नि

सड़क दुर्घटना के घायल कालीचरण चौधरी की मौत, बड़े पुत्र ने भागलपुर में दी मुखाग्नि


रजौन,बांका :- रजौन बाजार में विगत 16 अप्रैल को हुई दो बाइकों की भीषण भिड़ंत ने अब एक दुखद मोड़ ले लिया है। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल पिपराडीह निवासी 60 वर्षीय कालीचरण चौधरी की शनिवार की सुबह भागलपुर के मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही जहां परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। उल्लेखनीय है कि यूनियन बैंक (एमआरएफ शोरूम) के समीप हुए इस हादसे में कालीचरण चौधरी अपनी पत्नी सुलोचना देवी के साथ बाइक से जा रहे थे, तभी सामने से आ रही एक अन्य बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी थी। इस दुर्घटना में कालीचरण चौधरी के सिर में गंभीर चोट आई थी, जबकि उनकी पत्नी के हाथ और पैर टूट गए थे। शनिवार को जब मृतक का शव विशेष वाहन से उनके पैतृक गांव पिपराडीह लाया गया, तो परिजनों के करुण क्रंदन से वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं। मृतक की घायल पत्नी सुलोचना देवी और बच्चे पीयूष, गुंजन, मुन्नी व पूजा का रो-रोकर बुरा हाल है। देर शाम भागलपुर के बरारी घाट पर गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया, जहां बड़े पुत्र पीयूष कुमार चौधरी ने अपने पिता को मुखाग्नि दी। इस घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के घातक परिणामों को उजागर कर दिया है।
रिपोर्ट'-,केआर राव 

Post a Comment

0 Comments