ऑपरेशन मुस्कान के तहत बांका पुलिस ने लौटाए 51 खोए हुए मोबाइल, एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा ने धारकों के चेहरे पर बिखेरी खुशियां

बांका :-बिहार पुलिस के विशेष अभियान 'ऑपरेशन मुस्कान' के तहत बांका पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। बांका के पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा के कुशल निर्देशन में गठित एक विशेष टीम ने तकनीकी और वैज्ञानिक साधनों, विशेषकर सीईआईआर पोर्टल का प्रभावी उपयोग करते हुए जिले के विभिन्न स्थानों से चोरी हुए और गुम हुए कुल 51 कीमती मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद किए गए इन मोबाइल फोनों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 11.15 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस टीम ने कड़ी मेहनत करते हुए इन फोनों को न केवल बांका जिले से, बल्कि बिहार के अन्य जिलों और पड़ोसी राज्यों से भी ढूंढ निकाला है। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा ने स्वयं अपने हाथों से सभी 51 मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए। अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने बांका पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई एवं संवेदनशीलता के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर बौंसी एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा सहित कई अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं तकनीकी शाखा के पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक ने इस सफल अभियान के लिए तकनीकी शाखा के मनीष कुमार, प्रभात कुमार, सोनू कुमार, संतोष प्रसाद और सोशल मीडिया सेल के हिमांशु कुमार सहित संबंधित थानाध्यक्षों एवं उनकी पूरी टीम की सराहना की और दोहराया कि बांका पुलिस आम जनता की सेवा और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है।
रिपोर्ट:-केआर राव 

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post