भीषण गर्मी के बीच नल-जल पर डाका, रजौन में अवैध मोटर चलाकर पानी खींच रहे चार लोग धराए

भीषण गर्मी के बीच नल-जल पर डाका, रजौन में अवैध मोटर चलाकर पानी खींच रहे चार लोग धराए

​रजौन,बांका:- एक ओर जहाँ भीषण उमस और गर्मी के कारण ग्रामीण इलाकों में पेयजल की गंभीर किल्लत हो गई है, वहीं दूसरी ओर सरकार की महत्वाकांक्षी 'हर घर नल-जल योजना' में सेंधमारी करने वाले लोग भी सक्रिय हैं। रजौन प्रखंड में ऐसी ही मनमानी पर लगाम कसते हुए पीएचईडी विभाग के कनीय अभियंता पवन कुमार ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। गुप्त सूचना के आधार पर हुई इस छापेमारी में अवैध रूप से मोटर लगाकर पानी खींच रहे चार उपभोक्ताओं को रंगे हाथ पकड़ा गया। यह छापेमारी अभियान मझगांय-डरपा पंचायत के कैथा और सिंहनान पंचायत के रामपुर गांव में चलाया गया। विभाग को शिकायत मिली थी कि कुछ रसूखदार और स्वार्थी लोग पाइपलाइन में सीधे मोटर जोड़कर पानी खींच रहे हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं तक जलापूर्ति नहीं हो पा रही है। कार्रवाई के दौरान कैथा और रामपुर से दो-दो मोटर जब्त किए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए जेई पवन कुमार ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पकड़े गए उपभोक्ताओं के विरुद्ध न केवल विभागीय पत्र लिखकर कानूनी कार्रवाई की जा रही है, बल्कि उन्हें इस योजना के लाभ से हमेशा के लिए वंचित कर दिया जाएगा। जेई ने सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा, "जिनके भी घर से मोटर जब्त होगा, उनका कनेक्शन काट दिया जाएगा और वे भविष्य में इस सरकारी सुविधा का लाभ नहीं उठा सकेंगे।" उन्होंने आगे बताया कि यह छापेमारी अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि भीषण गर्मी में अंतिम छोर तक बैठे व्यक्ति को पानी मिल सके। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि वे जल चोरी न करें और न ही किसी को करने दें।

रिपोर्ट:-,के आर राव 

Post a Comment

0 Comments