एनएसएस स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक मनाया गुजरात दिवस

गोरखपुर। हरि सहाय लॉ कॉलेज तालकंदला, गोरखपुर के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) स्वयंसेवकों द्वारा गुजरात स्थापना दिवस के अवसर पर कुसम्ही जंगल में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम देशभक्ति, सामाजिक चेतना एवं सांस्कृतिक एकता की भावना के साथ उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सतीश चंद्र उपाध्याय ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भारत विविधताओं का देश है और गुजरात दिवस जैसे आयोजन देश की सांस्कृतिक विरासत एवं राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को समाज सेवा एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी शैलेंद्र त्रिपाठी ने स्वयंसेवकों एवं स्वयंसेविकाओं को गुजरात राज्य की स्थापना, उसके इतिहास, संस्कृति, विकास एवं राष्ट्रीय योगदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गुजरात देश के आर्थिक, औद्योगिक एवं सांस्कृतिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, सेवा एवं समर्पण की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों ने सामाजिक जागरूकता, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण से संबंधित संदेश भी दिए। कुसम्ही जंगल क्षेत्र में उपस्थित लोगों को स्वच्छता बनाए रखने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक सेवा का संदेश दिया।
इस अवसर पर सहायक आचार्य शिखा वर्मा सहित अनेक स्वयंसेवक एवं स्वयंसेविकाएँ उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रहित में कार्य करने के संकल्प के साथ किया ।

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post