रजौन(बांका) : रजौन कन्या मध्य विद्यालय के दक्षिण दिशा अवस्थित ऐतिहासिक सूजा शिकार तालाब के भिंड पर 8.65 लाख रुपये की लागत से 12 दुकान मछली बिक्री केंद्र के लिए निर्माण होने जा रहा है। इसके लिए चिन्हित एनओसी स्थान पर मंगलवार को जिला मत्स्य पदाधिकारी संजय किस्कू की उपस्थिति में मनरेगा पीओ अमित कुमार ने कार्यारंभ को लेकर लेआउट किया है। मनरेगा पीओ अमित कुमार ने बताया कि मनरेगा योजना की ओर से 8.65 लाख रुपये की योजना से मछली बिक्री केंद्र के लिए 12 शेड का निर्माण कराया जाएगा। 12 दुकान के अलावे मछली को जिंदा करने के लिए टैंक, हैंड पंप, सॉफ्ट कीट, सोख्ता, नाला आदि का अलग से निर्माण कराया जाएगा। लेआउट करने के क्रम में बाजार के कुछ एक दो व्यक्तियों द्वारा विरोध जताया जा रहा था कि बगल में सटे कन्या मध्य विद्यालय रजौन अवस्थित रहने की वजह से मछली एवं मछली के दूषित पानी से विद्यालय के बच्चों पर कुप्रभाव पड़ेगा। बाद में कुछ व्यक्तियों द्वारा समझा-बुझाकर विवाद को शांत करा लिया गया। कार्यारंभ लेआउट के समय मनरेगा जेई अमित कुमार, जिला मत्स्य कार्यालय सहायक रितेश कुमार, प्रखंड मत्स्य जीवी सहयोग समिति लिमिटेड अध्यक्ष राजकुमार, सचिन दिनेश मंडल, मनरेगा पीआरएस शैलजा नंद झा, नवीन कुमार सिन्हा, मनरेगा पीटीए मु. शिवली, विनय कुमार यादव,मनरेगा डाटा ऑपरेटर शालिग्राम सिंह, मुख्य मछली पालक शांत स्वरूप उर्फ बाबुल चौधरी, पूर्व मुखिया घनश्याम सिंह, वार्ड सदस्य मुकेश कुमार, सरपंच प्रतिनिधि पंकज कुमार प्रकाश आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे। मछली बिक्री केंद्र करीब तीन माह में बनकर कंप्लीट हो जाएगा। मुख्य सड़क मार्ग किनारे सहित जहां-तहां मछली बेचने वाले को मछली बिक्री केंद्र का निर्माण हो जाने से अन्यत्र अब नहीं भटकना पड़ेगा।
रिपोर्ट: केआर राव