रजौन (बांका) : राजद विधायक भूदेव चौधरी के तत्परता से बेहतर शिक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार विभिन्न उच्च विद्यालयों में प्रबंध समिति का गठन जारी है। इस दौरान मंगलवार रजौन प्रखंड के लाडली मोहन चंदेल क्षत्रिय उच्च विद्यालय खैरा में प्रबंध समिति की बैठक कर विद्यालय में वर्तमान विधि व्यवस्था पर चर्चा की गई। विधायक ने कहा कि क्षेत्र के जनप्रतिनिधि तथा प्रबंध समिति के अध्यक्ष होने के नाते विद्यालय के विकास के लिए हरसंभव प्रयास करूंगा। बैठक की समाप्ति के बाद उन्होंने क्लासरूम का निरीक्षण किया। इस दौरान छात्र-छात्राएं बगैर स्कूली यूनिफॉर्म के थे, इसपर विधायक ने नाराजगी प्रकट की।इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं से नियमित विद्यालय आने एवं हरहाल में स्कूल यूनिफॉर्म पहनने तथा अनुशासन बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज के छात्र-छात्रा ही कल के भविष्य है। छात्र छात्राओं को पढ़ाई के प्रति जागरूक होकर कड़ी मेहनत करनी चाहिए ताकि आगे जाकर माता-पिता समाज के साथ देश का नाम रौशन कर सके। शिक्षकों से भी कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। सभी शिक्षक नियमित रुप से ससमय विद्यालय आवें एवं छात्र-छात्राओं को शिक्षा प्रदान करें। उन्होंने कहा कि धौरैया विधानसभा में शिक्षा व्यवस्था सुधार हेतु वह प्रयासरत है और हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। इस मौके पर विद्यालय के सभी शिक्षक, अभिभावक सहित कई अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
रिपोर्ट: केआर राव