इंडियन बैंक के स्थापना दिवस के अवसर पर महिलाओं के बीच बांटे गए सेनेटरी पैड्स

रजौन (बांका) : 10 अगस्त दिन मंगलवार को इंडियन बैंक के 115वें स्थापना दिवस के अवसर पर बैंक की ओर से चकसफिया महादलित टोला रजौन की महिलाओं के बीच स्वास्थ्य जागरूकता सह सेनेटरी पैड्स वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं को माहवारी के समय होने वाली दिक्कतों और उस दौरान किस प्रकार की सावधानी बरतनी चाहिए के बारे में जानकारी दी गई। मौके पर उपस्थित बैंक के अंचल प्रमुख राजीव कुमार राय ने महिलाओं को अपने स्वास्थ्य को लेकर सजग रहने को कहा तथा किसी भी तरह की स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर अपने निकट के अस्पताल से संपर्क करने की बात कही। आगे उन्होंने कहा कि अगर महिलाएं जागरूक होंगी तो पूरा घर जागरूक होगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इंडियन बैंक रजौन शाखा के वरीय प्रबंधक राकेश कुमार यादव ने कहा कि आज आधी आबादी पूरी तरह से स्वतंत्र है और अपने स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों का ख्याल बखूबी रख रही है। आगे उन्होंने कहा कि अगर समाज को सशक्त बनाना है, तो हम सभी को मिलकर महिलाओं को सशक्त बनाना होगा। बैंक अधिकारी स्वाति सिंह ने महिलाओं से स्वास्थ्य संबंधी किसी भी कठिन परस्थिति का मुकाबला डटकर करने को कहा। स्वाति सिंह ने कहा कि माहवारी के समय घबराने या लज्जा करने की नहीं बल्कि स्वच्छता अपनाने की जरूरत है। बैंक अधिकारी पूजा रानी ने कहा कि महिलाओं को अपने सेहत को लेकर खुद फिक्रमंद होना होगा और पूरे समाज को सेहतमंद बनाने में अहम् भूमिका का निर्वहन करना होगा। महिलाओं को सेनेटरी पैड्स के फायदे के बारे में बैंक की महिला अधिकारियों ने जानकारी दी। मौके पर उपस्थित महिलाओं ने एक स्वर में कहा कि वे अपने स्वास्थ्य संबंधी परेशानी को छिपाएंगी नहीं बल्कि उसका मुकाबला करेंगी। सेनेटरी पैड्स का इस्तेमाल भी करने की बात महिलाओं ने इस दौरान कही। लगभग 80 महिलाओं के बीच बैंक की ओर से सेनेटरी पैड्स का वितरण किया गया। स्थापना दिवस के अवसर पर बैंक की ओर से रजौन कन्या मध्य विद्यालय में सीएसआर कार्यक्रम के तहत 10 पंखों का वितरण भी किया गया। इस अवसर पर बैंक प्रबंधक विकास किशोर, बैंक प्रबंधक रोहित कश्यप, रमेश महतो, बैंक रिकवरी एजेंट मनमोहन यादव, बैंक मित्र प्रियंका कुमारी, विद्यालय प्रधानाध्यापक अरुण कुमार सिंह, श्यामसुंदर ठाकुर, राजकुमारी,अंजू कुमारी,माधुरी, संजीव कुमार, शिक्षा सेवक अरविंद रजक, संजय कुमार रजक आदि उपस्थित थे।
रिपोर्ट:केआर राव

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post