रजौन(बांका): सोमवार को भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव श्री कृष्ण जन्माष्टमी का त्योहार बड़ी ही भक्ति भाव और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मंदिरों, ठाकुरबाड़ियों से लेकर घरों तक में कृष्ण जन्मोत्सव की धूम रही। जन्मोत्सव से पहले प्रखंड के रजौन बाजार स्थित छेदीलाल चवर खानी ठाकुरबाड़ी पुनसिया, खैरा, विष्णुपुर, कठचातर-लीलातरी, नवादा बाजार, कठौन, उपरामा, लकड़ा, बामदेव, ओरहारा, मोहना, बलथारा सहित अन्य जगहो पर विभिन्न ठाकुरबाड़ियों, मंदिरों में भजन-कीर्तन, मंगल आरती, शिव चर्चा का दौर चलता रहा। घर-घर और मंदिरों में जैसे ही रात को घड़ी की सुई 12 पर पहुंची बधाइयां बजने लगी। नंद के आनंद भयो व जय कन्हैयालाल की के जयघोष से पूरा वातावरण गूंज उठा।इसके बाद श्रद्धालुओं ने भगवान श्री कृष्ण की आरती उतारी। मंदिरों से लेकर घरों पर भी लोगों ने पूजा स्थल को विशेष रूप से सजाया था। शहर से लेकर गांव तक का माहौल उत्साह से भरा हुआ रहा। सुबह से लेकर शाम तक लोग बाजार में कन्हा के जन्म की तैयारियों में लगे रहे शाम होते ही घर-घर भजन के स्वर गूंजने लगे। खैरा डेहरी ठाकुरबाड़ी को विशेष तौर पर सजाया गया। वहीं विष्णुपुर में सुभाष राजपाल, सुरेश राजपाल के साथ-साथ खैरा में पंडित फनी भूषण पाठक के घर भी जन्मोत्सव को धूमधाम से मनाया गया,जिसमें दूरदराज से श्रोतागण उपस्थित हुए।पंडित फणीभूषन पाठक ने कहा इस वर्ष का जन्माष्टमी विशेष रूप से भगवान के आविर्भाव का विशेष संयोग है जो बहुत वर्षों के बाद संयोग लगा है। जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में सीताराम मंडली के सभी सदस्य उपस्थित थे।इस दौरान नित्यानंद सिंह रघुनंदन यादव पंचानंद, बासुकीनाथ धाम के पंकज एवं समस्त खैरा ग्रामवासी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट:, केआर राव