सड़क दुर्घटना में जख्मी युवक की इलाज के दौरान मौत
कटोरिया से अरविंद प्रसाद सिंह का रिपोर्ट
कटोरिया- भैरोगंज मुख्य मार्ग पर डोमनागढ़ा के पास गुरुवार को सड़क दुर्घटना में जख्मी हुए युवक की मौत रविवार को इलाज के दौरान हो गई। युवक का इलाज देवघर के अस्पताल में चल रहा था। मृतक कटोरिया थाना क्षेत्र के दर्वेपट्टी गांव के एतवारी दर्वे का पुत्र माणिक दर्वे बताया गया है। जानकारी के अनुसार उक्त युवक गुरुवार को गांव के विजय दर्वे के साथ कटोरिया बाजार से मजदूरी कर साइकिल द्वारा वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान डोमनागढ़ा गांव के पास किसी अज्ञात वाहन ने धक्का मार दिया। इस दुर्घटना में दोनों साइकिल सवार युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। परिजनों द्वारा दोनों को इलाज के लिए कटोरिया रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से दोनों को रेफर कर दिया गया था। रविवार को इलाज के दौरान माणिक की मौत हो गई। इधर रविवार को घटना को सुनकर कटोरिया विधायक डॉ निक्की हेंब्रम एवं पूर्व पसंस बासुदेव पंडित ने मृतक के घर पहुंचकर सांत्वना दिया।।