रजौन (बांका): प्रखंड क्षेत्र के 13 स्थानों पर धूमधाम से मनाए जाने वाले शारदीय नवरात्र शुक्रवार देर संध्या एवं शनिवार को प्रतिमा विसर्जन के साथ शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हो गया। मोदी हाट रजौन की प्रतिमा प्रशासन के निगरानी में शुक्रवार की देर रात्रि ढोल बाजे के बीच रजौन बाजार का परिभ्रमण कराते हुए नम आंखों से विसर्जन कर दी गई। प्रतिमा विसर्जन से पूर्व मंदिर परिसर में महिलाओं ने सिंदूर एवं अबीर की होली खेलने के साथ-साथ विदाई गीत गाकर माता रानी को विदा किया। इस दौरान पुरुष एवं बच्चों ने भी एक दूसरे को अबीर लगाया। वहीं खरवा महामाया मंदिर में श्रदालुओं ने महानवमी को पाठा की बलि दी, जिसको लेकर काफी भीड़ रहा। महामाया मंदिर खरवा में स्थापित प्रतिमा शनिवार को दिन में विसर्जन की गई। दशहरा को लेकर मोदी हाट रजौन, पुनसिया बाजार एवं पुनसिया बस्ती, राजावर मोड़-खिड्डी हाट, रुपसा, रानीटीकर, खरवा सहित अन्य सभी दुर्गा मंदिरों के पूजा पंडालों में महाष्टमी, महानवमी एवं विजयादशमी के दिन श्रद्धालुओं की काफी भीड़ देखी गई। वहीं मेला को लेकर महिला, पुरुष, बड़े-बुजर्ग से लेकर बच्चों तक में काफी उत्साह देखा गया। पूजा पंडालों में भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा सभी स्थानों पर महिला और पुरुष पुलिस बल की तैनाती की गई थी। रजौन मोदी हाट दुर्गा मंदिर सहित सभी मंदिरों में पूजा समिति के सभी सदस्य श्रद्धालुओं के पूजन व्यवस्था में लगातार तत्पर दिख रहे थे। मेला के दौरान सीओ मु. मोइनुद्दीन, पुलिस इंस्पेक्टर राजेश कुमार एवं थाना अध्यक्ष बुद्धदेव पासवान सहित अन्य पुलिस बल पूजा पंडालों का लगातार जायजा ले रहे थे।
रिपोर्ट:केआर राव