रजौन के 185 बूथों पर शांतिपूर्ण माहौल में मतदान हुआ संपन्न, अब 14 नवंबर का इंतजार

रजौन के 185 बूथों पर शांतिपूर्ण माहौल में मतदान हुआ संपन्न, अब 14 नवंबर का इंतजार

रजौन,बांका :बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे व अंतिम चरण के तहत बांका जिले के पांच विधानसभा क्षेत्र सहित बिहार के 20 जिलों के कुल 122 विधानसभा सीटों पर मंगलवार को प्रातः 7 बजे से संध्या 6 बजे तक शांतिपूर्ण व भयमुक्त माहौल में मतदान संपन्न करा ली गई है। वहीं स्वच्छ, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त माहौल में चुनाव संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन काफी मुस्तैद देखे गए। मालूम हो इस विधानसभा चुनाव को लेकर धोरैया विधानसभा क्षेत्र में कुल 401 मतदान केंद्र बनाए गए थे, जिसमें रजौन प्रखंड में 185 मतदान केंद्र शामिल थे। रजौन प्रखंड में नॉर्मल बूथ 48, संवेदनशील 48, अति संवेदनशील 16 एवं क्रिटिकल 137 बूथ बनाए गए थे। वहीं बूथ संख्या 134 बाल भारती एवं बूथ संख्या 132 कन्या मध्य विद्यालय रजौन उत्तरी को महिला बूथ बनाया गया था, जबकि राष्ट्रीय उच्च माध्यमिक विद्यालय धौनी में बूथ संख्या 121 बायां भाग को मॉडल बूथ, बूथ संख्या 122 दायां भाग को यूथ बूथ तथा बूथ संख्या 133 कन्या मध्य विद्यालय रजौन दायां भाग को दिव्यांग बूथ बनाया गया था। प्रशासन ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी बूथों पर आवश्यक प्रबंध किए थे। धोरैया विधानसभा क्षेत्र में शाम 5 बजे तक 70.54% मतदान हुई। शांतिपूर्ण व भयमुक्त माहौल में मतदान संपन्न कराने को लेकर जिला स्तरीय वरीय पुलिस-प्रशासनिक पदाधिकारियों के साथ-साथ रजौन बीडीओ अंतिमा कुमारी, सीओ कुमारी सुषमा, रजौन थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार, नवादा बाजार सहायक थानाध्यक्ष सुजीत कुमार सहित अन्य लगातार भ्रमणशील देखे गए। वहीं मतदान करने को लेकर प्रखंड के अधिकांश मतदान केंद्रों पर सुबह से ही लंबी-लंबी कतारें देखी गई। मतदान के लिए पुरुषों से अत्यधिक महिलाओं में उत्साह देखी गई। खासतौर पर युवा मतदाताओं में भी काफी उत्साह देखी गई। किसी ने विकास के नाम पर तो किसी ने राज्य से बेरोजगारी दूर करने, पलायन रोकने के साथ-साथ अराजकता व भ्रष्टाचार के खात्मे के लिए अपना मत दिया। इस दौरान कुछ मतदाता बिहार में फिर से एनडीए की सरकार लाने की बात कर रहे तो कुछ लोग सीधे-सीधे इस बार बदलाव की मांग कर रहे थे। मतदान संपन्न होने के बाद अब सबों को मतगणना की तिथि 14 नवंबर का बेसब्री से इंतजार है।
रिपोर्ट :केआर राव 

Post a Comment

0 Comments