रजौन के 185 बूथों पर 72.03% मतदान, शांतिपूर्ण माहौल में मतदान संपन्न होने के बाद अब लोगों को मतगणना की तिथि 14 नवंबर का इंतजार

रजौन के 185 बूथों पर 72.03% मतदान, शांतिपूर्ण माहौल में मतदान संपन्न होने के बाद अब लोगों को मतगणना की तिथि 14 नवंबर का इंतजार

रजौन,बांका : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे व अंतिम चरण के तहत बांका जिले के पांच विधानसभा क्षेत्र सहित बिहार के 20 जिलों के कुल 122 विधानसभा सीटों पर मंगलवार को प्रातः 7 बजे से संध्या 6 बजे तक शांतिपूर्ण व भयमुक्त माहौल में मतदान संपन्न करा ली गई है। मतदान के बाद धोरैया विधानसभा के 8 सहित बांका जिले के कुल 58 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में कैद हो गई है। मतदान को लेकर मतदाताओं में गजब का उत्साह देखने को मिला। धोरैया विधानसभा क्षेत्र में सुबह 9 बजे तक 16.27% मतदान हो गई, 11 बजे बढ़कर 35.39% तक पहुंच गई। 11 बजे के बाद मतदान की प्रतिशत बढ़ती चली गई। मतदान की बढ़ती प्रतिशत को देखकर मतदान कर्मी के साथ-साथ अधिकारी भी हैरान हो गए। महिला, पुरुष, बुजुर्ग एवं युवा सहित हर वर्गों ने लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। दोपहर 1 बजे तक धोरैया विधानसभा क्षेत्र में मतदान प्रतिशत बढ़कर 52.34%, 3 बजे तक 64.92% और अंत में शाम 6 बजे तक कुल 71.72% मतदान हुआ। वहीं रजौन प्रखंड में सुबह 7 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक में कुल 72.03% मतदान हुआ। प्राप्त जानकारी के मुताबिक रजौन प्रखंड के कुल 75 हजार 51 पुरुष मतदाता में से 50 हजार 840 ने मतदान में हिस्सा लिया, जबकि 67 हजार 119 महिला मतदाता में से 51 हजार 566 ने मतदान में हिस्सा लिया। इस प्रकार रजौन प्रखंड के कुल 1 लाख 42 हजार 170 मतदाताओं में से 1 लाख 2 हजार 406 मतादाताओं ने मतदान किया। रजौन प्रखंड अंतर्गत मतदान केंद्र संख्या 57 उत्क्रमित मध्य विद्यालय घुटिया में सर्वाधिक 90.36% मतदान किया गया। वहीं स्वच्छ, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त माहौल में चुनाव संपन्न कराने के लिए जिला स्तरीय पुलिस-प्रशासनिक पदाधिकारी से लेकर प्रखंड सह अंचल स्तर तक के पदाधिकारी पुलिस जवानों के साथ पूरी तरह मुस्तैद देखे जा रहे हैं। इसको लेकर बीडीओ अंतिमा कुमारी, सीओ कुमारी सुषमा, रजौन सर्किल पुलिस इंस्पेक्टर रणजीत कुमार, रजौन थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार, नवादा बाजार सहायक थाना के थानाध्यक्ष सुजीत कुमार स्वयं अलग-अलग मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान प्रक्रिया पर अपनी पैनी नजर बनाए हुए थे। वहीं मतदान करने को लेकर प्रखंड के अधिकांश मतदान केंद्रों पर सुबह से ही लंबी-लंबी कतारें देखी गई। मतदान के लिए पुरुषों से अत्यधिक महिलाओं में उत्साह देखी गई। खासतौर पर युवा मतदाताओं में मतदान के प्रति काफी उमंग देखी गई। किसी ने विकास के नाम पर तो किसी ने राज्य से बेरोजगारी दूर करने, पलायन रोकने के साथ-साथ अराजकता व भ्रष्टाचार के खात्मे के लिए अपना मत दिया। इस दौरान कुछ मतदाता बिहार में फिर से एनडीए की सरकार लाने की बात कर रहे तो कुछ लोग सीधे-सीधे इस बार बदलाव की मांग कर रहे थे। मालूम हो इस विधानसभा चुनाव को लेकर धोरैया विधानसभा क्षेत्र में कुल 401 मतदान केंद्र बनाए गए थे, जिसमें रजौन प्रखंड में 185 मतदान केंद्र शामिल थे। रजौन प्रखंड में नॉर्मल बूथ 48, संवेदनशील 48, अति संवेदनशील 16 एवं क्रिटिकल 137 बूथ बनाए गए थे। वहीं बूथ संख्या 134 बाल भारती एवं बूथ संख्या 132 कन्या मध्य विद्यालय रजौन उत्तरी को महिला बूथ बनाया गया था, जबकि राष्ट्रीय उच्च माध्यमिक विद्यालय धौनी में बूथ संख्या 121 बायां भाग को मॉडल बूथ, बूथ संख्या 122 दायां भाग को यूथ बूथ तथा बूथ संख्या 133 कन्या मध्य विद्यालय रजौन दायां भाग को दिव्यांग बूथ बनाया गया था। प्रशासन ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी बूथों पर आवश्यक प्रबंध किए थे। रजौन बीडीओ सह सहायक निर्वाची पदाधिकारी अंतिमा कुमारी ने बताया कि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न करा ली गई है, अब मतों की गिनती आगामी 14 नवंबर को पीबीएस कॉलेज बांका में संपन्न होगी। उन्होंने शांतिपूर्ण माहौल में मतदान संपन्न कराने पर सभी मतदान कर्मियों एवं पुलिस कर्मियों को बधाई देते हुए उनका आभार व्यक्त किया है। इस प्रकार मतदान संपन्न होने के बाद अब सबों को मतगणना की तिथि 14 नवंबर का बेसब्री से इंतजार है।

रिपोर्ट  :केआर राव 

Post a Comment

0 Comments